जंगल की जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम, वन विभाग ने ट्रैक्टर जब्त कर कसा शिकंजा
शमशाबाद। जंगल की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया। वनभूमि पर ट्रैक्टर चलाकर अतिक्रमण की तैयारी कर रहे लोगों के मंसूबों पर वन अमले ने पानी फेर दिया। मौके से ट्रैक्टर जब्त कर वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।
वनमंडल अधिकारी हेमंत यादव (IFS) के निर्देशन में गुरुवार, 5 नवंबर को वन परिक्षेत्र शमशाबाद के बीट करैया अंतर्गत ग्राम नहरयाई के कक्ष क्रमांक RF 220 में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण के उद्देश्य से ट्रैक्टर चलाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी शमशाबाद ने टीम गठित कर मौके पर भेजी। वन अमले ने पहुंचकर देखा कि वनभूमि पर ट्रैक्टर चल रहा है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया और वन परिक्षेत्र कार्यालय शमशाबाद लाया गया। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस, दिन-रात गश्त
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने कार्रवाई का श्रेय वन स्टाफ की सतर्कता और तत्परता को दिया। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए दिन और रात लगातार गश्त की जा रही है। अतिक्रमण के प्रयासों पर नजर रखते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई भी की जा रही है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर अतिक्रमण के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Continue With Google