आगर मालवा। स्थानीय सिद्धार्थ कान्वेंट हाई स्कूल में 2 नवंबर से 5 नवंबर तक चार दिवसीय दीपावली उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान विद्यालय के मिनी, जूनियर एवं सीनियर सेक्शन के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में सहभागिता की।
इस अवसर पर निबंध लेखन, आर्ट एंड क्राफ्ट, कविता, राइटिंग, ड्राइंग एवं रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के उपरांत कक्षावार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
दीपावली उत्सव के अंतिम दिवस बच्चों ने फुलझड़ियां एवं पटाखे चलाकर पर्व की खुशियां मनाईं। वहीं शिक्षकों द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।
उत्सव के दौरान विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल टीना गवली एवं निकिता सोलंकी, सीनियर टीचर शाहाना खान, निधि गवली, दिव्या जायसवाल, माही जैन, अजय सोलंकी सहित समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
इस शुभ अवसर पर स्कूल संचालन समिति की सचिव श्रीमती पवित्रा बौद्ध, स्कूल संचालक आनंद बौद्ध एवं विद्यालय प्राचार्य रामचंद्र महलका ने सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्कूल स्टाफ को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उत्सव की सफलता पर बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उपप्राचार्य विशाल जायसवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Continue With Google