*थाना बमीठा पुलिस ने ग्राम चंदनगर एवं शिवराजपुर के रिहायशी क्षेत्रों में अवैध पटाखों के संग्रहण के दो ठिकानों पर मारा छापा, 3 लाख रुपये कीमत के छोटे-बड़े पटाखे किए जप्त*

*दो आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं विस्फोटक अधिनियम के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध*

मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों एवं रिहायशी इलाकों में पटाखों का अवैध उत्पादन, भंडारण एवं विक्रय प्रतिबंधित है। छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों का संग्रहण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में थाना बमीठा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम चंदनगर एवं शिवराजपुर के रिहायशी इलाकों में आतिशबाजी सामग्री विक्रय हेतु अवैध रूप से संग्रहित की गई है। सूचना पर पुलिस टीमों द्वारा दोनों स्थानों पर अलग-अलग दबिश दी गई।
* ग्राम चंदनगर के मस्जिद मोहल्ला में एक मकान से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में आरोपी आफताब मोहम्मद पिता अब्दुल रहीम, निवासी मस्जिद मोहल्ला, चंदनगर के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
* ग्राम शिवराजपुर के भियाताल रोड स्थित एक मकान से विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में आरोपी राजेंद्र गुप्ता पिता नारायण दास गुप्ता, निवासी भियाताल रोड, शिवराजपुर के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा दोनों स्थानों से करीब 3 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े पटाखे जप्त किए गए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं विस्फोटक अधिनियम के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई, न्यायालय में उपस्थित होने हेतु पाबंद किया गया।

उक्त कार्यवाही में एसडीएम राजनगर प्रशांत अग्रवाल, एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल, तहसीलदार धीरज गौतम, थाना प्रभारी बमीठा निरीक्षक बाल्मीक चौबे, प्रधान आरक्षक मो. रईश बाबू, प्रधान आरक्षक राजा भैया, आरक्षक अरविंद जाटव, रवि एवं टीम की भूमिका रही।