नर्मदापुरम 

सीवरेज से खोदी गई सड़कों के रिस्टोरेशन की मैपिंग शुरू, दो दिन में पूरा होगा काम

कलेक्टर के निर्देश पर नगरपालिका एक्शन मोड में, सीएमओ ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नर्मदापुरम। शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों और उनके रिस्टोरेशन की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए नगरपालिका ने मैपिंग अभियान शुरू कर दिया है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत सीवरेज कंपनी द्वारा खोदी गई सड़कों और किए गए रिस्टोरेशन कार्य का वार्डवार रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
सीएमओ ने ली समीक्षा बैठक, दो दिन में मैपिंग पूरी करने के निर्देश
रविवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने नगरपालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवरेज कंपनी द्वारा किए गए सड़क खुदाई और रिस्टोरेशन कार्य की मैपिंग आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में पूरी की जाए, ताकि सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
पहले दिन 11 वार्डों में पूरी हुई मैपिंग
राजस्व शाखा के मयंक चौबे ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन वार्ड क्रमांक 01, 03, 09, 17, 19, 25, 26, 27, 28, 31 और 32 में मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन वार्डों में सीवरेज लाइन के लिए खोदी गई सड़कों और उनके रिस्टोरेशन की विस्तृत जानकारी दर्ज की गई है।
सोमवार को शेष वार्डों में होगा सर्वे
सीएमओ वैभव देशमुख ने बताया कि सोमवार को नगरपालिका की टीमें शेष वार्डों में पहुंचकर सड़कों की स्थिति और रिस्टोरेशन कार्य का ब्योरा तैयार करेंगी। मैपिंग पूरी होने के बाद सीवरेज कंपनी के कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और अधूरे रिस्टोरेशन कार्यों पर निगरानी रखी जा सकेगी। नगरपालिका की इस कार्रवाई से शहरवासियों को खराब और खुदी हुई सड़कों से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।