मानपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री मीना सिंह ने सी.एम. राइज योजना के तहत स्कूलों की मान्यता की मांग उठाई

मानपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 90 की विधायक सुश्री मीना सिंह ने अपने क्षेत्र के हायर सेकेंड्री स्कूलों को सी.एम. राइज योजना में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।

विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जिला उमरिया के आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा कि यदि इन विद्यालयों को सी.एम. राइज स्कूल के रूप में स्वीकृति मिलती है, तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर शिक्षण संसाधन और उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण का लाभ मिलेगा।

पाली विकासखंड से प्रस्तावित विद्यालय:

  • शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय पाली
  • शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरदादर
  • शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़वाही

मानपुर विकासखंड से प्रस्तावित विद्यालय:

  • अमरपुर हायर सेकेंड्री स्कूल
  • चन्शुरा हायर सेकेंड्री स्कूल
  • धमोखर हायर सेकेंड्री स्कूल
  • बिजौरी हायर सेकेंड्री स्कूल

विधायक मीना सिंह ने आशा व्यक्त की है कि शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय लेकर जल्द ही इन विद्यालयों को सांदीपनी (सी.एम. राइज) स्कूल के रूप में स्वीकृति प्रदान की जाएगी, जिससे मानपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।