42 वर्ष 4 दिन की सेवा के बाद वरिष्ठ शिक्षक महेश खत्री हुए सेवानिवृत्त

विद्यार्थियों ने घोड़े पर बैठाया बैंड-बाजे से नगर भ्रमण कराकर पहुंचाया घर।

मुलताई। शिक्षा के क्षेत्र में 42 वर्ष 4 दिन की लंबी सेवाएँ देने के बाद वरिष्ठ शिक्षक एवं खेल शिक्षक महेश खत्री सेवानिवृत्त हो गए। 
उनके सम्मान में स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया, जो यादगार बन गया। 
समारोह के दौरान छात्रों ने अपने प्रिय शिक्षक को घोड़े पर बैठाकर बैंड-बाजे के साथ नगर भ्रमण कराकर उनके घर तक पहुँचाया और उनके प्रति सम्मान व स्नेह व्यक्त किया।
सेवा काल में महेश खत्री लगभग 20 वर्षों तक हाई स्कूल मुलताई में पदस्थ रहे और उन्होंने न केवल पढ़ाई बल्कि खेल एवं स्पोर्ट्स गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में स्कूल सहित नगर के कई खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है, जो उनके समर्पण और जिम्मेदारी का प्रमाण है। 
विदाई कार्यक्रम में सहकर्मी शिक्षकों ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की।
अंत में महेश खत्री ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वे जीवन भर शिक्षा व समाजसेवा से जुड़े रहेंगे।