आमला: नगर के बस स्टैंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर शनिवार को नगर पालिका के तत्वावधान में भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गॉडरे ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक बहिष्कार और अनेक कठिनाइयों को सहन करते हुए बालिका शिक्षा को अनिवार्य मानते हुए विद्यालयों की स्थापना की। उस दौर में उन्हें समाज की अनेक बाधाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन वे अपने दृढ़ संकल्प से कभी पीछे नहीं हटीं।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज मालवे ने कहा कि आज़ादी से पहले महिलाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी और उनके साथ भेदभाव किया जाता था। स्वयं सावित्रीबाई फुले को बचपन में शिक्षा से वंचित करने का प्रयास किया गया, किंतु उन्होंने हार नहीं मानी और अपना पूरा जीवन महिला सशक्तिकरण एवं समाज सुधार को समर्पित कर दिया।
समाजसेवी राजेंद्र उपाध्याय ने बस स्टैंड परिसर में सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन वंचित वर्गों, विशेषकर महिलाओं और दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष में व्यतीत हुआ।
इस अवसर पर समाज, शिक्षा, सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती गायत्री हाथिया, श्रीमती मीनाक्षी धोते, श्रीमती मनीषा चढ़ोकर, श्रीमती रंजना नागले, श्रीमती दीपमाला बचले, शहनाज़ बेग, रश्मि सोनी, ममता पवार, उषा नागले, रोशनी पदम, प्रिया पाटील, रंजना बामने, निशिता हाथिया (एयर होस्टेस), शिवानी खातिरकर, जारोश्वर थेपे (सेवानिवृत्त), सपना हारोडे एवं उषा लोणारे शामिल रहीं। सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सूत्रधार चंद्रशेखर पंडोले ने बताया कि सावित्रीबाई फुले का जन्म 3 जनवरी 1831 को महाराष्ट्र के सतारा जिले के एक छोटे से गांव में हुआ था। वे भारत की पहली महिला शिक्षिका और महान समाज सुधारक थीं, जिनका शिक्षा और महिला अधिकारों के क्षेत्र में योगदान अविस्मरणीय है।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिवप्रसाद गुजरे ने किया, जबकि अंत में नगर पालिका प्रभारी प्रकाश देशमुख ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पार्षद ओमवती विश्वकर्मा, पद्मिनी भूमरकर, रोहित हरोड़े, व्यापारी मंडल अध्यक्ष संजय साहू, वरिष्ठ समाजसेवी मुन्ना मालवी, मनोज विश्वकर्मा, मेहरा समाज के ब्लॉक अध्यक्ष अजय बचले, प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद आसीफ लंघा, पत्रकार रिंकू रामपुरे, लोकेश सोनी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)