बुधनी में विकास और जनकल्याण की बड़ी सौगात, 143 हितग्राहियों को मिले पट्टे, स्वच्छता मित्रों का सम्मान

विधायक रामाकांत भार्गव एवं कार्तिकेय सिंह चौहान की उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन, नवीन आंगनवाड़ी भवन महिला एवं बाल विकास विभाग को किए गए हस्तांतरित

बुधनी। नगर के विकास, जनकल्याण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर परिषद बुधनी परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री रामाकांत भार्गव जी एवं माननीय श्री कार्तिकेय सिंह चौहान जी की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर 143 पात्र हितग्राहियों को पट्टों का वितरण किया गया। साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक श्री रामाकांत भार्गव जी एवं श्री कार्तिकेय सिंह चौहान जी के साथ श्री रवि मालवीय जी, श्री रघुनाथ भाटी जी, श्री महेश उपाध्याय जी, श्री राजेश पाल जी, , जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री महेंद्र शर्मा जी, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अर्जुन मालवीय जी, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्री अर्जुन मालवीय जी श्री सतीश गुप्ता जी, श्री धीरेंद्र तिवारी जी नगर परिषद समस्त पार्षदगण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एसडीएम श्री संजीव नागू, तहसीलदार श्री राकेश खजुरिया, एसडीओपी श्री रवि शर्मा, थाना प्रभारी श्री महेंद्र ठाकुर, , महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी डॉ. प्रशांत जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

143 हितग्राहियों को मिला अपने अधिकार का पट्टा

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 143 पात्र हितग्राहियों को पट्टों का वितरण रहा। जनप्रतिनिधियों द्वारा हितग्राहियों को पट्टे प्रदान कर उन्हें उनके अधिकार एवं सुरक्षित आवास की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात दी गई। इस पहल से हितग्राहियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। यह शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वार्ड 03, एवं 09 में बने नवीन आंगनवाड़ी भवन महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपे

नगर विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में वार्ड क्रमांक 03 एवं 09 में निर्मित नवीन आंगनवाड़ी भवनों को महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित किया गया। इन नवीन भवनों से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं आंगनवाड़ी की अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नवीन भवनों के तैयार होने से आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

स्वच्छता मित्रों का सम्मान, विद्यालयों को भी मिले प्रशस्ति-पत्र

कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया तथा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। स्वच्छता मित्र प्रतिदिन अपनी मेहनत और समर्पण से नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

इसके साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यालय स्तर पर स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालयों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना तथा बच्चों और युवाओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

स्वच्छ एवं विकसित बुधनी के संकल्प को मिल रही नई दिशा

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ना, बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना तथा स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अर्जुन मालवीय, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्री अर्जुन मालवीय एवं समस्त पार्षदगणों की सक्रिय सहभागिता रही। नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बुधनी में जनकल्याण, स्वच्छता, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।