समावेशी शिक्षा, सहायक उपकरण और योजनाओं की दी जानकारी

अशोकनगर। जिला शिक्षा केंद्र अशोकनगर द्वारा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले में अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के अभिभावकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास अशोकनगर में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, सहभागिता एवं समावेशी विकास में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां

कार्यक्रम में अभिभावकों को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, समावेशी शिक्षा, उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, सहायक उपकरणों की उपलब्धता, शासन की हितग्राही योजनाओं तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा में नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक राहुल शर्मा, एपीसी अभिषेक चौधरी, छात्रावास वार्डन दिनेश शर्मा, विशेष शिक्षक श्रीमती बबिता जैन, एमआरसी सुनील नरवरिया, गौधन सिंह नरवरिया, श्रीमती आरती यादव, सचिन शर्मा सहित समस्त स्टाफ एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग के साथ-साथ अभिभावकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।