आमला। शहर के मेन मार्केट क्षेत्र में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालत यह है कि हर 10 मिनट में जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। बाजार में न तो ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात हैं और न ही कोई व्यवस्थित व्यवस्था दिखाई दे रही है।

लोगों का कहना है कि शादी सीजन के चलते बाजार में भीड़ काफी बढ़ गई है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, लेकिन वर्तमान स्थिति में लापरवाही साफ नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों ने पुराने समय को याद करते हुए कहा कि जब TI आर के दुबे की तैनाती थी, तब बाजार में कभी जाम जैसी स्थिति नहीं बनती थी और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहती थी।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शादी सीजन को ध्यान में रखते हुए तत्काल बाजार क्षेत्र में पुलिस की नियमित ड्यूटी लगाई जाए, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके।