वृक्ष: पर्यावरण के सच्चे रक्षक, हर व्यक्ति लगाए एक पौधा - अजय पाण्डेय

त्योंथर। मध्य प्रदेश शासन जन अभियान परिषद रीवा के निर्देशन में नगर परिषद त्योंथर द्वारा आयोजित नवांकुर सखी हरियाली यात्रा कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर परिषद के सीएमओ अजय पाण्डेय ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष पृथ्वी के ऋतु चक्र को संतुलित बनाए रखते हैं और पर्यावरण की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मनुष्य द्वारा प्रकृति के साथ हस्तक्षेप के कारण अनेक पशु-पक्षियों की प्रजातियां विलुप्त होने के कगार पर हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अवसर मिलने पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृत्व सम्मान का भावनात्मक अभियान बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ज्योति सिंह ने कहा कि वृक्ष न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि अनेक प्रकार से मानव जीवन को लाभ पहुंचाते हैं। उन्होंने सभी से अपनी माता के सम्मान में पौधारोपण करने का आह्वान किया।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विद्यासागर शुक्ला ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और माताओं के प्रति सम्मान प्रकट करना है। विद्यार्थियों ने अपनी मां के नाम पर एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

अतुल पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण के सच्चे प्रहरी हैं, जो वायु को शुद्ध बनाकर जीवन की रक्षा करते हैं। उन्होंने पर्यावरण असंतुलन को पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बताया और समय रहते ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान अंकुर वायुदूत एप के माध्यम से वृक्षारोपण की तस्वीरें अपलोड कर शासन के अभियान में सहभागिता सुनिश्चित की गई। अंत में मुख्य अतिथि ने उपस्थित लोगों को पौधे वितरित करते हुए उन्हें अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में लगाने तथा संरक्षण करने की अपील की।

इस अवसर पर इंजीनियर रामजी द्विवेदी सहित नगर परिषद के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।