आलोट। क्षेत्र में शासकीय ब्लड बैंक की स्थापना की मांग को लेकर मंगलवार 7 जुलाई को आलोट नगर में व्यापक जनआंदोलन आयोजित किया जाएगा। विप्र रक्त संगठन, शाखा आलोट के बैनर तले सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के सहयोग से रेस्ट हाउस से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी आलोट को सौंपा जाएगा।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में ब्लड बैंक नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं, प्रसव के दौरान गंभीर स्थिति, थैलेसीमिया सहित अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता। रक्त की आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के परिजनों को उज्जैन, रतलाम, मंदसौर सहित लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित बड़े अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे कई बार मरीजों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है।

विप्र रक्त संगठन के अध्यक्ष नकुल खारोल एवं योगेश निगम ने बताया कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकताओं को देखते हुए आलोट में शासकीय ब्लड बैंक की स्थापना अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर रक्त उपलब्ध हो जाए तो कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

पदाधिकारियों ने नगरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस जनहितकारी मांग को समर्थन देने की अपील की है। संगठन के अध्यक्ष नकुल खरोल, सचिव योगेश निगम, धीरेंद्र सिंह निगम, विजय पुरोहित, शांतिलाल शर्मा, आशीष खारोल, रवि निगम, भोला पाटीदार, लखन दास बैरागी, महेश निगम, दुर्गेश दुबे, महेश परिहार, शिवम निगम, लोकेन्द्र भैसोटा, मुर्तुजा इज्जी, श्रीमती हेमलता सोनी, श्रीमती संतोष भाटी एवं सुश्री रुक्मा डाबी सहित अन्य सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक दिनेश शर्मा (मीण) सहित कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।