आमला। मध्यप्रदेश कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार एवं गांधीवादी विचारक मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के विरोध में शनिवार को शहर कांग्रेस कमेटी आमला ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से जनपद चौक तक चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर केंद्र एवं चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

*पुतला दहन के दौरान प्रशासन ने किया हस्तक्षेप*

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने का प्रयास किया। इस दौरान प्रशासन द्वारा वाटर कैनन का उपयोग कर पुतले को जलने से रोकने का प्रयास किया गया। इससे कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही।

*राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन*

विरोध प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार आमला एवं थाना प्रभारी आमला को ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राज्यसभा चुनाव में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचाया गया है।

*चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल*

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उसकी निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। उन्होंने नामांकन निरस्त करने के फैसले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत बताया।

*‘भाजपा के दबाव में काम कर रहा चुनाव आयोग’*

वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सीमा अतुलकर ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा नेताओं के दबाव में कार्य करता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने का प्रयास लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

*‘संवैधानिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास बना रहना जरूरी’*

नगर पालिका पार्षद खुश्बू अतुलकर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर निर्भर करती है। यदि इन संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं तो यह लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना सभी संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

*बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे उपस्थित*

प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेंद्र ‘बिल्लू’ यादव, नीरज सोनी, शाबीर शाह, रेखा कनोजिया, विजय अतुलकर, रमेश प्रजापति, विजय पारदी, छन्नू बेले, मदन साहू, रमेश दामले, योगेश ‘गोलू’ डांगरे, वीरेंद्र बर्थ, हरी प्रसाद गोहे, दीपक द्विवेदी, कमलेश माकोड़े, रवि घाणेकर, बडू अतुलकर, प्रमोद सेठिया, बंटू बेले, रमजान खान, अकरम खान, राकेश सोने, ओमप्रकाश शेषकर, अमित सोनी, संजय सोलंकी, कनैया साहू, जीतेश वाईकर, राकेश निरापुरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।