आमला। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत आमला द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्लॉक कॉलोनी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गणेश यादव, सहायक कलेक्टर एवं आईएएस अधिकारी श्री पुष्पराज खोत, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री शैलेन्द्र बडोनिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री पंकज दरोठिया सहित अन्य अधिकारियों ने सात पौधे रोपित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रकृति संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गणेश यादव ने कहा कि वृक्ष लगाना एक पुण्य कार्य है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण एवं पालन-पोषण करना है। उन्होंने कहा कि 5 जून से 21 जून तक जनपद क्षेत्र की सभी 68 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। यह अभियान तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बनेंगे। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से पौधों की देखभाल में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री शैलेन्द्र बडोनिया ने पौधारोपण के दौरान पौधों का पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और इन्हें संरक्षित करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज दरोठिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं बल्कि सतत जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने ग्राम पंचायतों से स्वच्छता को बढ़ावा देने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश भी दिया। रोपित किए गए पौधों की अंकुर एप के माध्यम से जियोटैगिंग कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया, जिससे पौधों की निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर खंड पंचायत अधिकारी श्री संजय सावरकर, सहायक यंत्री श्री अविनाश भुमरकर, ब्लॉक समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन श्री विमल बछले, उपयंत्री श्री चंद्रशेखर करोले सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को हरियाली के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।