आमला, 28 जून।पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को आमला में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नितिन गाडरे के मुख्य आतिथ्य में किया गया। अभियान की शुरुआत प्रतीकात्मक रूप से उनके परिवार द्वारा अपने पुत्र मोरेश्वर को पोलियो की दो बूंद पिलाकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने कहा कि पोलियो एक ऐसी बीमारी है जिसे केवल जागरूकता और समय पर दवा पिलाकर पूरी तरह रोका जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सोनम नितिन गाडरे ने अपने पुत्र मोरेश्वर को पोलियो की दो बूंद पिलाकर समाज को संदेश दिया कि "दो बूंद जिंदगी की" हर बच्चे के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. राकेश बचले ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर तथा निर्धारित पोलियो बूथों पर पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।
इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि आमला क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहेगा और जनसहयोग से अभियान को पूर्ण सफलता दिलाई जाएगी।
*"आइए, हम सभी संकल्प लें कि पाँच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। दो बूंद जिंदगी की – हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य की सबसे बड़ी सुरक्षा।"*
Continue With Google
Comments (0)