हर घर तिरंगा अभियान के साथ निकली तिरंगा यात्रा, 108 महिलाओं ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
बारगीनगर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बरगी के सेक्टर निगरी अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति हरदूली एवं नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति निगरी के संयुक्त तत्वावधान में 12 अगस्त 2026 को हर घर तिरंगा अभियान एवं नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक श्री घनश्याम दयाल रायपुरिया ने की। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह प्रकृति एवं धरती मां के प्रति अपना उत्तरदायित्व समझे। जल संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता एवं राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा जैसे दायित्वों को हमें अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति अपने घर से कर सकता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत हनुमान मंदिर जीरो टंकी घाट परिसर हरदौली में वृक्षारोपण किया गया। समिति की ओर से 108 फलदार पौधे 108 महिलाओं को वितरित किए गए। सभी महिलाओं ने पौधे लगाने के साथ उनके नियमित पालन-पोषण, देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। महिलाओं ने इन पौधों को गोद लेकर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी ली।
इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नंदीकेश्वर ज्ञान मंदिर विद्यालय हरदौली के विद्यार्थियों द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर ग्राम के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने परिवार और घर को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हरदौली की सरपंच श्रीमती विश्व देवी महतो, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री विनायक राव वाडनेकर, विकासखंड पनागर के विकासखंड समन्वयक श्री भारत महरौलिया, परामर्शदाता सुश्री रीना टेकाम, श्री विवेक गुप्ता, तिलवारा श्री रजनीश ठाकुर, नवांकुर संस्था से श्री रितेश पटेल सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष सत्यम अवधिया, सचिव दीपक नेमा, उमेश चक्रवर्ती, राजेश साहू, विनोद अवधिया, रवि पटेल, माया बर्मन, रिंकी नाथ, पिंकी नाग, सहित समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देशभक्ति के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। तिरंगा यात्रा, पौधारोपण और 108 महिलाओं द्वारा पौधों को गोद लेने के संकल्प से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का प्रेरक संदेश दिया गया साथ ही मंदिर परिसर में समिति द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
सरकार और सार्वजनिक नीति
हर घर तिरंगा अभियान के साथ निकली तिरंगा यात्रा
108 महिलाओं ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प
August 13, 2026 09:50 AM
1 min read
58 views
1/3
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google