आमला/मुलताई, 29 अप्रैल 2026। नागपुर डिवीजन के आमला पोस्ट अंतर्गत जौलखेड़ा स्टेशन के पास डाउन ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और रेलवे स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

*यात्री की सूचना से हुआ खुलासा:*

जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 61117 मेमू से उतरे एक यात्री ने जौलखेड़ा स्टेशन के ड्यूटी ऑफिस (DY SS) को सूचना दी कि किलोमीटर नंबर 887/02-04 (JKR-MTY) के पास ट्रैक किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है।

सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद डीवाई एसएस रूपेश पवार ने तुरंत पॉइंट्समैन और ट्रैकमैन को मौके पर भेजा। टीम ने महिला को उठाकर जौलखेड़ा स्टेशन लाया।

*गंभीर हालत में मिली महिला:*

प्राथमिक जांच में महिला का दाहिना हाथ कोहनी के नीचे से कटा हुआ पाया गया, वहीं सिर के पीछे लगभग 5 सेंटीमीटर लंबी गहरी चोट भी थी।

*अस्पताल में भर्ती, फिर जिला अस्पताल रेफर:*

रेलवे स्टाफ और पुलिस की मदद से महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर गजेंद्र मीणा ने प्राथमिक उपचार किया।

महिला ने अपना नाम भारती और पता सागर पिपरिया बताया, लेकिन अचेत अवस्था में होने के कारण वह अन्य जानकारी नहीं दे सकी। उसके पास कोई पहचान पत्र या टिकट भी नहीं मिला।

प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।

*पुलिस कर रही जांच:*

मामले की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और संबंधित अधिकारी जांच में जुट गए हैं। महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।