आमला। आमला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जनपद चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रवि साहू की मोटर गैरेज के बाजू में ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी राशि एवं ताश के पत्ते जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जनपद चौक स्थित रवि साहू की मोटर गैरेज के बाजू में कुछ लोग खुलेआम हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंचों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन घेराबंदी कर सात आरोपियों को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों में जितेन्द्र पवार, राकेश राठौर, जितेन्द्र मोखड़े, रवीन्द्र साहू, विकास मोहबे, राहुल अतुलकर एवं रविन्द्र साहू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से कुल 1,780 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर लंबे समय से जुआ गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है तथा न्यायालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस तामील किए हैं। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, सट्टा और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।