आमला। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आमला क्षेत्र के लगभग 60 वरिष्ठ श्रद्धालु आज हरिद्वार धाम की पावन यात्रा के लिए रवाना होंगे। बैतूल रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को हरिद्वार भेजा जाएगा। प्रशासन ने यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस योजना के तहत चयनित श्रद्धालुओं को हरिद्वार में गंगा स्नान के साथ प्रमुख मंदिरों के दर्शन का अवसर मिलेगा। यात्रा के दौरान भोजन, आवास, स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का संपूर्ण खर्च मध्य प्रदेश शासन द्वारा वहन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अधिकारियों के साथ मेडिकल टीम भी यात्रा में मौजूद रहेगी।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से ऐसे बुजुर्ग, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते, उन्हें शासन की ओर से निःशुल्क यात्रा कराई जाती है।

बैतूल रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और उनके परिजनों की भीड़ जुटने की संभावना है। प्रशासन ने स्टेशन पर सुरक्षा, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आमला क्षेत्र में इस यात्रा को लेकर विशेष उत्साह का माहौल है। कई परिवारों के बुजुर्ग पहली बार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से हरिद्वार धाम की यात्रा कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।