बांदा: पत्रकारों के हितों की रक्षा को लेकर प्रधानमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

रिपोर्ट: महेंद्र सिंह लहरिया

बांदा। नेशनल मीडिया प्रेस क्लब के तत्वावधान में पत्रकारों के हितों की रक्षा एवं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को सशक्त बनाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 7 सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी बांदा के माध्यम से सौंपा गया।

नेशनल मीडिया प्रेस क्लब के अध्यक्ष गिरजा शंकर अवस्थी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनहित के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने तथा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। इसके बावजूद पत्रकारों को सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संरक्षण जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में संगठन ने सात प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना, पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा एवं विशेष स्वास्थ्य कार्ड, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, ड्यूटी के दौरान मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में जीवन बीमा एवं आर्थिक सहायता, फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न पर रोक, राष्ट्रीय मीडिया आयोग का गठन तथा छोटे एवं मझोले मीडिया संस्थानों को सरकारी विज्ञापनों का पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करना शामिल है।

नेशनल मीडिया प्रेस क्लब ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, ताकि पत्रकारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण मिल सके और लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और अधिक सशक्त बन सके।