आमला। बेल नदी–नांदपुर जोड़ से रमली जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर सड़क के बीच बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रतिदिन इस मार्ग से बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक, ग्रामीण एवं अन्य वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

रमली निवासी चुन्नीलाल उइके ने बताया कि वे प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण दोपहिया वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे दुर्घटनाएं होना आम बात हो गई है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में गड्ढा पानी से भर जाता है और रात के समय दिखाई नहीं देता, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय इस जानलेवा गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।