बैतूल। ताप्ती रोड पर आदिवासी किसानों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने पुलिस अधीक्षक बैतूल को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज के किसानों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 31 मई 2026 को ग्राम खेड़ी के आगे ताप्ती रोड पर आदिवासी किसान सुगना धुर्वे, चौवलु धुर्वे और टन्टु बैल खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोककर कथित रूप से मारपीट की। ज्ञापन के अनुसार किसानों के साथ हॉस पाइप, लाठी-डंडों एवं अन्य वस्तुओं से हमला किया गया। घटना में सुगना धुर्वे का हाथ फ्रैक्चर होने सहित सीने और पैरों में गंभीर चोटें आने का दावा किया गया है।
भारतीय आदिवासी पार्टी ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि हमलावरों ने किसानों के पास मौजूद बैल खरीदी की पर्ची फाड़ दी तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मामले में मारपीट, लूट, जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग की है।
पार्टी पदाधिकारियों ने यह भी मांग की कि मामले में अज्ञात आरोपियों के बजाय सभी संबंधित व्यक्तियों को नामजद कर एफआईआर दर्ज की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि आदिवासी समाज के लोगों के साथ इस प्रकार की घटनाएं चिंताजनक हैं और प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाना चाहिए।
भारतीय आदिवासी पार्टी ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आदिवासी समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने की मांग की है।

Continue With Google
Comments (0)