आमला।शैक्षणिक क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आमला के शिक्षकों ने एक बार फिर शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। स्थानीय एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल (AHPS) के चार शिक्षकों का चयन प्रतिष्ठित ‘द्रोणाचार्य राष्ट्रीय स्तर उत्कृष्टता सम्मान’ के लिए किया गया है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सम्मानित शिक्षकों में श्री नवजोत सिंह राजपाल, श्रीमती रितु बारस्कर, श्रीमती अंजना गुजरे और श्रीमती मोनालिसा मिश्रा शामिल हैं। इन शिक्षकों को उनकी विशिष्ट शिक्षण शैली, नवाचारी प्रयोगों और विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है।

इन शिक्षकों ने कक्षा में आधुनिक तकनीकों और रचनात्मक तरीकों का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। साथ ही, उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने बेहतर परिणाम हासिल कर विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

*गर्व का क्षण*

विद्यालय प्रबंधन ने इसे पूरे संस्थान और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। उनका कहना है कि शिक्षकों की मेहनत और समर्पण का यह प्रतिफल है, जो आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर सामने आया है।

*क्षेत्र में हर्ष की लहर*

एक साथ चार शिक्षकों को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शहर के गणमान्य नागरिकों और अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।