आमला। राजधानी भोपाल में आयोजित 16वीं ओपन भोपाल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में आमला एवं बैतूल के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
अंडर-12 वर्ग की स्केटिंग प्रतियोगिता में आमला की होनहार खिलाड़ी जूही पंडोले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। जूही, श्री गणेश पंडोले एवं श्रीमती पिंकी पंडोले की सुपुत्री हैं। कम उम्र में हासिल की गई इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे आमला नगर को गौरवान्वित किया है।
वहीं बैतूल के खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ी परी ने स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल), कुश ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) तथा असमा ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
इन सभी खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक गोल्डी सर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन के चलते खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, नगरवासियों एवं परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने उम्मीद जताई है कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
नन्हे खिलाड़ियों की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो छोटे शहरों के बच्चे भी बड़े मंचों पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
Continue With Google
Comments (0)