आमला। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर नेहरू पार्क के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात वे नगर पालिका कार्यालय में आयोजित पीआईसी (प्रेसीडेंट इन काउंसिल) की बैठक में शामिल हुईं।

बैठक में कई जनहित एवं कर्मचारी हित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई तथा उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान नगर में चल रहे डिवाइडर निर्माण कार्य में घटिया सामग्री उपयोग किए जाने की शिकायत पर ठेकेदार को कड़ी समझाइश एवं चेतावनी देने का निर्णय लिया गया। वहीं रेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को व्यवस्थित करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने अनुविभागीय अधिकारी के नाम संबोधित एक पत्र नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपते हुए बड़ाईचाल एवं बल्लाचाल क्षेत्र में मोक्ष धाम निर्माण की मांग को पुनः प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उक्त प्रस्ताव को पीआईसी द्वारा 26 मई 2023 को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा इस संबंध में सांसद श्री डीडी उइके को भी पूर्व में पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन मोक्ष धाम निर्माण कराने में असमर्थ है तो क्षेत्र के लिए शासकीय भूमि आवंटित की जाए। उन्होंने कहा, “मैं अपने पार्षद पद के मानदेय और जनसहयोग से इस क्षेत्र में मोक्ष धाम निर्माण कराने का हर संभव प्रयास करूंगी, ताकि क्षेत्रवासियों को अंतिम संस्कार जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े।”

उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा शीघ्र ही इस क्षेत्र में मोक्ष धाम निर्माण को लेकर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया गया है।

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिंजवे, नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, उपाध्यक्ष किशोर माथनकर, पार्षद श्रीमती दीक्षा मयूर सूरजेकर, पार्षद सुनील उइके, पूर्व पार्षद विजय अतुलकर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी, भाजपा नेता मयूर सूरजेकर, उपयंत्री सुभाष शर्मा, प्रकाश देशमुख, अरुण पवार, उल्लास जोशी, गणेश हारोडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।