आमला। बोरदेही क्षेत्र में 9 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का बैतूल पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूट की रकम से खरीदी गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं इस वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस चर्चित लूट कांड का खुलासा किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह एवं डीएसपी महिला सेल श्री दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने लगातार जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

*बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे युवक को बनाया था निशाना*

पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को फरियादी प्रदीप झरबड़े आईसीआईसीआई बैंक आमला से अपने मालिक विक्की साहू के 9 लाख रुपये नकद निकालकर मोटरसाइकिल से बोरदेही जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा किया और ग्राम नरेरा एवं देहलवाड़ा के बीच सुनसान मार्ग पर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया।

मिर्च के कारण संतुलन बिगड़ने से फरियादी मोटरसाइकिल सहित गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू अड़ाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना में फरियादी को मामूली चोटें भी आई थीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी *फुटेज से मिली सफलता*

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की तकनीकी सहायता और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

*यह सामग्री हुई बरामद*

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

60 हजार रुपये नगद

घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

लूट की रकम से खरीदी गई दो मोटरसाइकिलें

बरामद की हैं। शेष राशि और अन्य साक्ष्यों की तलाश जारी है।

*गिरफ्तार आरोपी*

पुलिस ने रामकुमार उर्फ मोहित यदुवंशी (18), गोविन्द टांडेकर (19), शिवराम उर्फ नान्हू बन (20), दुर्गेश सोनवंशी (22) तथा कमलेश उर्फ मनीष यदुवंशी (26) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी छिंदवाड़ा जिले के नवेगांव थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

*मुख्य आरोपी अब भी फरार*

पुलिस के अनुसार इस पूरे षड्यंत्र का मास्टर माइंड देवानंद उर्फ देवा इवने निवासी घाना उमरी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी और शेष राशि की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

*आधा दर्जन से अधिक मामलों में आरोपी*

फरार आरोपी देवानंद के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, चोरी, नकबजनी, लूट और जुआ एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह थाना नवेगांव का निगरानी बदमाश भी है।

*संयुक्त टीम ने किया खुलासा*

इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका

एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह, डीएसपी महिला सेल श्री दुर्गेश आर्मो, निरीक्षक राधेश्याम वट्टी (थाना प्रभारी बोरदेही), निरीक्षक मुकेश ठाकुर (थाना प्रभारी आमला) पुलिस स्टाफ पंचमसिंह उईके ,नितिन उईके ,कमलसिंग मेहर , अनिल धुर्वे ,सुनील पन्द्राम,अनन्तराम यादव ,निलेश सोनी ,विनय वर्मा , रोहन उईके ,रामकिशन , रोहित ,मनोज पाल ,राधेश्याम कुमरे , अनिरुद्ध ,नितिन चौहान , विशाल , गोपाल , किशोर साहू ,अजीत तोमर , सोनू शर्मा, आरती पवार , थाना नवेगांव से अरुण यादव , थाना जुन्नारदेव से महेन्द्र उईके , सैनिक प्रकाश एवं साइबर सेल टीम आर. राजेन्द्र धाड़से ,बलराम राजपूत,संदीप वाइकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही | 

*पुलिस अधीक्षक ने की सराहना*

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने मामले का त्वरित खुलासा करने वाली टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले में गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।