आमला 16 जून 2026। बोरदेही पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपूसे एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना बोरदेही पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को फरियादी हिमांशू साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 10 बोरदेही, ने थाना बोरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी बहन के विवाह के निमंत्रण देने ग्राम खेड़लीबाजार गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 28 MJ 4105 को केशरी नंदन कृषि सेवा केन्द्र के सामने मुख्य मार्ग पर शाम करीब 4 बजे खड़ा किया था, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बोरदेही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। ग्राम खेड़लीबाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान नितेश वरदाहे, निवासी ग्राम डोडावानी, थाना आमला के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके दौरान उसने चोरी की गई मोटरसाइकिल अपने कब्जे से प्रस्तुत कर दी। पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी नितेश वरदाहे को 16 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम वट्टी, प्रधान आरक्षक हरिराम डडोरे, प्रधान आरक्षक अनिल धुर्वे, महिला आरक्षक आरती पवार, आरक्षक रामकिशन नागोतिया एवं आरक्षक सचिन दीवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Continue With Google
Comments (0)