आलोट। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर उठे विवाद के विरोध में सोमवार को आ लोट में युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने की मांग उठाई।
पुतला दहन के दौरान पुलिस प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ समय के लिए खींचतान की स्थिति बन गई। इसी बीच प्रशासन की ओर से फायर ब्रिगेड की सहायता से जलते पुतले को बुझाने के लिए पानी की बौछार की गई, जिससे मौके पर हलचल का माहौल रहा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव से जुड़े घटनाक्रम ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस एवं सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ज्ञापन का वाचन शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पांचाल ने किया।
Continue With Google
Comments (0)