आमला। ग्राम पंचायत हरन्या में आयोजित पंचायत की बैठक के दौरान कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणी और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। अनुसूचित जाति समाज के ग्रामीणों ने थाना बोरदेही में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में दावा किया गया है कि घटना के कारण पंचायत बैठक में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई और अंततः बैठक निरस्त करनी पड़ी।
शिकायत के अनुसार 5 जून को ग्राम पंचायत हरन्या में पंचायत की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सरपंच, सचिव, पंच, नोडल अधिकारी, पंचायत स्टाफ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बैठक के दौरान बहुमत मतदान के मुद्दे पर चर्चा चल रही थी, तभी ग्राम निवासी शंकर पिता रामचरण यदुवंशी ने कथित रूप से अनुसूचित जाति समाज को लेकर आपत्तिजनक एवं जातिसूचक टिप्पणी की। शिकायत में कहा गया है कि इस टिप्पणी के बाद बैठक में बहस शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विवाद बढ़ने पर कुछ अन्य लोगों ने भी संबंधित व्यक्ति का समर्थन किया तथा किसान नेता दिनेश यदुवंशी सहित कुछ लोगों द्वारा अपशब्द कहने और धमकी देने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूरी घटना पंचायत भवन में लगे कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और उसका वीडियो उपलब्ध है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाद के कारण बैठक का माहौल बिगड़ गया, जिसके बाद पंचायत की बैठक को निरस्त करना पड़ा। मामले को लेकर सतीश गोहे, गजानंद पंडोले, आशीष पंडोले, अनिल चौकीकर, राहुल मांजरे, निलेश पंडोले, अजय पंडोले, अंगराज बिहारे, सुनीता मालवीय, मनोज, दिलीप पंडोले सहित अन्य ग्रामीणों ने थाना बोरदेही में आवेदन देकर जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)