आगामी त्योहारों को लेकर करही थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित
दरियाव वासुरे की रिपोर्ट |

 महेश्वर
महेश्वर तहसील के करही थाना परिसर में आगामी त्योहारों के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान नगरवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। नागरिकों द्वारा बिजली, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग इन मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं तथा समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने दोनों समुदायों के लोगों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें नगर के नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।