आमला। वार्ड क्रमांक 9 के भगत सिंह बड़ाई चाल–बल्ला चाल क्षेत्र की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने नगर पालिका परिषद आमला के अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखकर नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारियों के लिए बरसाती सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्षद खुशबू अतुलकर ने अपने पत्र में कहा कि वर्षा ऋतु ने विकराल रूप धारण कर लिया है। नगर के अधिकांश नाले-नालियां उफान पर हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग, जल प्रदाय और विद्युत विभाग के कर्मचारियों को विपरीत परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करना पड़ रहा है। नगर में जलभराव की स्थिति से बचाने के लिए सफाई कर्मचारी लगातार नालों और नालियों में उतरकर युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिन नालों और नालियों में कर्मचारी सफाई कार्य करते हैं, वहां जहरीले सांप, बिच्छू और अन्य विषैले कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता है। लगातार हो रही बारिश में बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करना कर्मचारियों के स्वास्थ्य और जीवन दोनों के लिए जोखिमपूर्ण है। वहीं जल प्रदाय एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी भी तेज बारिश के बीच नगरवासियों को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार मैदान में डटे रहते हैं।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सभी संबंधित कर्मचारियों को रेनकोट, लॉन्ग बूट, हैंड ग्लव्स, मास्क सहित आवश्यक बरसाती सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि यदि कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा संसाधन मिलेंगे तो वे सुरक्षित रहकर बेहतर ढंग से अपनी सेवाएं दे सकेंगे और नगर की सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी बिना किसी बाधा के संचालित होती रहेंगी।
पार्षद ने नगर पालिका प्रशासन एवं शासन से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र बरसाती सुरक्षा किट वितरित करने की व्यवस्था की जाए, ताकि नगर की सेवाएं सुचारु रूप से जारी रह सकें और कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
Continue With Google
Comments (0)