मोटर-केबल चोरी से परेशान किसानों ने थाने में किया प्रदर्शन,एसपी से चर्चा एक सप्ताह में चोरों को पकड़ने के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
मुलताई। प्रभात पट्टन क्षेत्र में खेतों से लगातार हो रही मोटर और केबल चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों का शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में किसान मुलताई पहुंचे और नाका नंबर एक से रैली निकालते हुए थाना परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने धरना प्रदर्शन कर चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि पिछले करीब सात वर्षों से प्रभात पट्टन क्षेत्र के किसान खेतों से मोटर और केबल चोरी की घटनाओं से परेशान हैं। लगातार चोरी होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार, घटनाओं की शिकायत पुलिस से करने के बावजूद चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं और अब तक पुलिस किसी चोर को पकड़ नहीं पाई है।
थाना परिसर में धरने पर बैठे किसान पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद एसडीओपी एसके सिंह द्वारा किसानों की पुलिस अधीक्षक बैतूल से फोन पर चर्चा कराई गई। चर्चा के दौरान किसानों को आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के भीतर मोटर और केबल चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस से मिले आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
Continue With Google
Comments (0)