आमला। कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग को जिले में और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (अनुसूचित जाति विभाग) बैतूल की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी को प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) नितिन गाडरे की अनुशंसा पर गठित की गई है।
जारी नियुक्ति पत्र में बताया गया है कि जिला अध्यक्ष नितिन गाडरे द्वारा तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजी गई कार्यकारिणी सूची का परीक्षण करने के बाद प्रदेश कार्यकारिणी ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। स्वीकृति मिलने के साथ ही जिले में अनुसूचित जाति विभाग की नई टीम संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए सक्रिय होगी।
प्रदेश नेतृत्व ने अपने संदेश में कहा है कि नवनियुक्त कार्यकारिणी के सभी ऊर्जावान सदस्य संगठन की विचारधारा, नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही जिला स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने तथा अनुसूचित जाति समाज के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला अध्यक्ष नितिन गाडरे ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन हित में कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम जिले के प्रत्येक ब्लॉक और ग्राम स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति को आमजन तक पहुंचाने में अहम योगदान देगी।
नई कार्यकारिणी के गठन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं। संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि यह टीम आगामी समय में अनुसूचित जाति विभाग को नई पहचान देने के साथ कांग्रेस संगठन को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
Continue With Google
Comments (0)