आमला। रेलवे इंस्टिट्यूट आमला परिसर में रविवार को वृहद वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब एक सैकड़ा पौधों का रोपण किया गया तथा पूरे परिसर की साफ-सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रेलवे इंस्टिट्यूट के सचिव राकेश चौकीकर के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वेदप्रकाश साहू (एई टीआरडी, रेलवे आमला) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में संतोष कुमार सोनी (एसएसई पीडब्ल्यूआई), योगेश कुशवाह (एसएसई/टीआरडी), हंसराज मीणा (पीडब्ल्यूआई), एम.के. ठेपे (वरिष्ठ पदाधिकारी, नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन) एवं गोपाल कर्मी (उप स्टेशन प्रबंधक, रेलवे आमला) शामिल रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वेदप्रकाश साहू ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान देना चाहिए। वहीं संतोष कुमार सोनी ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण और जीवन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए हर व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

वरिष्ठ पदाधिकारी एम.के. ठेपे ने कहा कि रेलवे इंस्टिट्यूट के माध्यम से शुरू किया गया यह अभियान केवल परिसर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे रेलवे कॉलोनी क्षेत्र को हराभरा बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

रेलवे इंस्टिट्यूट के सचिव राकेश चौकीकर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 उच्च गुणवत्ता वाले, 5 फीट एवं उससे अधिक ऊंचाई के विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी भी इंस्टिट्यूट के पदाधिकारियों ने अपने ऊपर ली है, ताकि सभी पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।

कार्यक्रम में आकाश उइके, राजेश अडलक, मोरेश्वर धोटे, खेमराज माथनकर, शिवदास मोहबिया, विनोद बिनझाड़े, महेंद्र ठेपे, रितेश मानकर, पवन देशमुख, नरेंद्र कोगे, कोषाध्यक्ष रितेश कुमार, मनोज विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में रितेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।