आमला। ग्राम रानीडोंगरी की महिलाओं ने गांव में संचालित कथित अवैध शराब कारोबार को बंद कराने की मांग को लेकर जनसुनवाई अधिकारी के समक्ष ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि अवैध शराब बिक्री के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है तथा शराब के नशे में लोग आए दिन उत्पात मचाते हैं। इससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। महिलाओं का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में थाना आमला में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कथित शराब कारोबारियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब बिक्री का विरोध करने पर कुछ लोगों द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विरोध करने वाली महिलाओं पर पथराव भी किया गया तथा उन्हें चुप रहने की धमकी दी गई। महिलाओं का कहना है कि आरोपित खुलेआम शराब बेचने की बात कहते हैं और कार्रवाई न होने का दावा करते हैं।
ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में संचालित कथित अवैध शराब कारोबार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित किया जाए।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

इनका कहना है 

अगर शिकायत आई है तो कारवाही करवाएंगे ।

राजेश वट्टी आबकारी अधिकारी आमला