आमला। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आमला द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष में तहसील के सभी राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर राजस्व कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसडीएम ने सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी पटवारियों को 15 जून तक लंबित सीमांकन प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी से आम नागरिकों को परेशानी होती है, इसलिए सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति पर असंतोष जताते हुए एसडीएम ने कार्य में पिछड़ रहे बॉटम-5 पटवारियों को कारण बताओ सूचना पत्र (एससीएन) जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पटवारियों को अभियान में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के लिए कहा गया।
रिकॉर्ड दुरुस्ती से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए 15 जून तक सभी संबंधित प्रतिवेदन एवं प्रकरणों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए एसडीएम ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट होकर शिकायत बंद कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील स्तर पर किसी भी प्रकार की शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में सभी पटवारियों को अपने-अपने ग्राम एवं हल्कों में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा आमजन को राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि उनके द्वारा किए जाने वाले आकस्मिक निरीक्षण एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई भी पटवारी अनुपस्थित नहीं पाया जाना चाहिए।
इसके अलावा 20 जून तक जायद गिरदावरी कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि गिरदावरी कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में सभी पटवारियों को अपने कर्तव्यस्थल पर गरिमापूर्ण एवं औपचारिक वेशभूषा में उपस्थित रहने तथा ग्राम कोटवारों को निर्धारित वर्दी पहनकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले सभी राजस्व कार्यों को समय-सीमा में पूरा करना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)