रीवा कलेक्ट्रेट में कलेक्टर की सख्ती, देर से पहुंचे कर्मचारियों को मुख्य गेट पर लगाई फटकार

रीवा नवागत कलेक्टर Narendra Kumar Suryavanshi ने प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन और समय पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में विलंब से पहुंचने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को समझाइश दी गई और समय की पाबंदी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति आवश्यक है, ताकि आमजन से जुड़े कार्य बिना देरी के पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए ई-एटेंडेंस व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंचे, जहां उन्होंने देर से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कतारबद्ध कराया। इस दौरान सख्त लहजे में सभी को समय पर कार्यालय पहुंचने की हिदायत दी गई।
कलेक्टर ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में समय को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।