आमला। बैतूल–बरसाली–आमला मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सड़क पर बिना किसी चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या बैरिकेडिंग के डाली गई गिट्टी से कार टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, हादसे में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार का पंजीयन क्रमांक MP-20-CF-6544 है। वाहन से संबंधित राजेंद्र अतुलकर (आमला) एवं आर.पी. खाडीपुरे (भोपाल) का नाम सामने आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य के दौरान गिट्टी सड़क पर डाल दी गई थी, लेकिन मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही रिफ्लेक्टर अथवा अन्य सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे। रात के अंधेरे में चालक को सड़क पर फैली गिट्टी दिखाई नहीं दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक संकेतक, बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।