आमला। शहर के शासकीय अस्पताल में मरीजों को इलाज के साथ-साथ गंदगी और दुर्गंध की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आने से अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। कई स्थानों पर गंदगी जमा होने तथा तेज दुर्गंध की शिकायत सामने आने से मरीज और उनके परिजन परेशान हैं।
अस्पताल वह स्थान है जहां बीमार और कमजोर मरीज उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर का साफ-सुथरा और संक्रमणमुक्त होना बेहद जरूरी है। लेकिन वर्तमान स्थिति में परिसर में गंदगी और दुर्गंध का वातावरण मरीजों की परेशानी बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में नियमित सफाई और कचरे के उचित निपटारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
*सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल*
अस्पताल परिसर में गंदगी जमा होने से यह सवाल उठ रहा है कि क्या यहां नियमित रूप से सफाई की जा रही है? यदि सफाई व्यवस्था नियमित है तो फिर परिसर में गंदगी और दुर्गंध की स्थिति क्यों बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था की निगरानी और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय किए जाने की आवश्यकता है।
*संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका*
गंदगी और दुर्गंध के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेष रूप से पहले से बीमार मरीजों के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी होता है। ऐसे में अस्पताल परिसर में स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।
*युवक कांग्रेस ने दी शिकायत की चेतावनी*
युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर का निरीक्षण कराकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जगह-जगह जमा कचरे का उचित निपटारा कराया जाए और दुर्गंध के कारणों को दूर किया जाए।
कोकाटे ने कहा कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों के समक्ष की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि अस्पताल प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था में कब तक सुधार किया जाता है।
Continue With Google
Comments (0)