आमला। नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्य में नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के व्यस्त मुख्य मार्ग पर ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री और खुदाई से निकला मलबा सड़क पर ही डाल दिया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। हालात यह हैं कि सड़क का लगभग आधा हिस्सा अवरुद्ध होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण स्थल पर न तो सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है और न ही किसी प्रकार के चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और राहगीर तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रहवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। कई दिनों से सड़क पर मलबा पड़ा होने के बावजूद उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे धूल, जाम और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाए और प्रतिदिन मलबा हटाया जाए तो लोगों को राहत मिल सकती है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर फैले मलबे को तत्काल हटाया जाए, निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारु हो सके और आमजन सुरक्षित आवागमन कर सकें।
Continue With Google
Comments (0)