आमला। आमला क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार रात्रि के समय हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के हर रात बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, रातभर अंधेरा रहने से चोरी, सर्पदंश और अन्य अप्रिय घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और लोगों की दिनचर्या पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां गांवों में नियमित रूप से रात्रिकालीन बिजली कटौती की जा रही है, वहीं शहर में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में भेदभाव की भावना पैदा हो रही है और वे खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
बिजली कटौती का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों पर देखने को मिल रहा है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं मिलने से स्कूली छात्र-छात्राएं पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी परीक्षा की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। अभिभावकों ने भी इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की है।
ग्रामीणों ने विद्युत वितरण कंपनी से मांग की है कि रात्रिकालीन बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए। यदि किसी तकनीकी कारणवश बिजली बंद करना आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना दी जाए ताकि ग्रामीण आवश्यक व्यवस्थाएं कर सकें और अनावश्यक परेशानियों से बच सकें। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भी इस समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)