मुल्ताई। ताप्ती जन्मोत्सव सप्ताह के अंतर्गत 18 एवं 19 जुलाई को ताप्ती समग्र फाउंडेशन मुलतापी द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत घाट बिरोली में 151 पौधों, प्रभात पट्टन मोक्षधाम में 100 पौधों तथा नरखेड़ मोक्षधाम में 100 पौधों का रोपण किया गया। इस प्रकार दो दिवसीय अभियान में कुल 351 पौधे लगाए गए।

       ताप्ती समग्र फाउंडेशन द्वारा पिछले तीन वर्षों से निरंतर ताप्ती जन्मोत्सव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान संस्था द्वारा अब तक 600 से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिनमें से लगभग 400 पौधे आज भी जीवित हैं और क्षेत्र में हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।

        ताप्ती समग्र फाउंडेशन के अध्यक्ष गौरव माकोड़े ने कहा कि ताप्ती जन्मोत्सव केवल एक पर्व नहीं, अपितु मां ताप्ती के प्रति श्रद्धा, प्रकृति संरक्षण और जनभागीदारी का अभियान है। हमारा प्रयास केवल पौधे लगाना नहीं, उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना है। आने वाले वर्षों में इस अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम से जुड़ सकें। ताप्ती समग्र फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

         कार्यक्रम में समाजसेवी दिनेश महस्की, गायत्री परिवार के उत्तम गायकवाड़, पूर्व सरपंच सुभाष देशमुख, ताप्ती समग्र फाउंडेशन के अध्यक्ष गौरव माकोड़े, भूषण देशमुख, दुपेंद झरबड़े, कमलेश गायकवाड, सुमित बर्डे, सचिन बोहरपी, प्रणव बारस्कर, सूरज चरपे, देवेंद्र सोनारे, गन्नू झरबड़े, दुर्गेश पाल, डिम्पी साबले एवं राहुल गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।