तहसील में रिश्वतखोरी का आरोप: पक्की नकल के बदले ₹300 मांगने का वीडियो वायरल, किसान ने लगाए गंभीर आरोप

दित्यपाल राजपूत 

टीकमगढ़। जिले की जतारा तहसील में रिश्वतखोरी का एक कथित मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में तहसील कार्यालय के नजीर बाबू पर एसडीएम कोर्ट की पक्की नकल देने के बदले किसान से ₹300 रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

जानकारी के अनुसार, पलेरा तहसील के पूछा गांव निवासी किसान अमर सिंह यादव पिछले पांच दिनों से एसडीएम कोर्ट की पक्की नकल प्राप्त करने के लिए जतारा तहसील के चक्कर लगा रहे थे। किसान का आरोप है कि तहसील में पदस्थ नजीर बाबू महेश तिवारी ने नकल जारी करने के एवज में ₹300 की मांग की।
किसान का कहना है कि नजीर बाबू ने उनसे कहा कि, "आज पैसा जमा कर दो, तीन दिन बाद नकल मिल जाएगी।" आरोप है कि इसी दौरान किसान ने ₹500 देते हुए पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। किसान ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए नजीर बाबू के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।