सावन से पहले नंदिकेश्वर धाम में जल संकट, डेढ़ माह से सूखी पेयजल लाइन, श्रद्धालुओं की आस्था पर संकट
बरगी नगर। सावन माह शुरू होने से ठीक पहले प्रसिद्ध नंदिकेश्वर तीर्थ क्षेत्र में अव्यवस्थाओं ने गंभीर रूप ले लिया है। पिछले करीब डेढ़ महीने से मंदिर परिसर में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे पुजारियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर के पुजारी बंटी त्रिपाठी और रजनीश उपाध्याय ने बताया कि नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) के अधिकारियों को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि मंदिर परिसर की बाउंड्री वॉल गिर चुकी है, जिसके कारण बिजली का पोल तारों के सहारे लटका हुआ है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं मंदिर में बनी पानी की टंकी के पायों में भी दरारें और कमजोरी आ गई है, जिससे उसके गिरने का खतरा बना हुआ है।
पुजारी बंटी त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि मंदिर संचालन से जुड़े अधिकारी केवल महाशिवरात्रि के समय बैठकें कर आश्वासन देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं कराया जाता।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस नर्मदा घाटी परियोजना की पाइपलाइन पूरे क्षेत्र को पानी उपलब्ध करा रही है, उसी परियोजना के अधीन आने वाले नंदिकेश्वर मंदिर तक पानी क्यों नहीं पहुंच रहा?
उधर विभाग के समयपाल राजकुमार झारिया का कहना है कि बोरवेल में पानी नहीं होने के कारण सप्लाई बंद है।
अब जबकि कुछ ही दिनों में सावन माह शुरू होने वाला है और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के अभिषेक एवं दर्शन के लिए पहुंचेंगे, ऐसे में पेयजल संकट और बदहाल व्यवस्थाएं प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो सावन में श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
Continue With Google
Comments (0)