### मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई देख आयुक्त ने जताई प्रसन्नता, डंगरवाड़ा स्कूल में किया औचक निरीक्षण
बच्चों से सीधे पूछा- मेनू के अनुसार मिल रहा है भोजन या नहीं, किचन शेड से लेकर खाद्यान्न भंडारण और रसोइयों के भुगतान तक की जांच की
शमशाबाद। सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने शुक्रवार को मध्यप्रदेश शासन के आयुक्त (बीबी रामजी एवं पीएम पोषण) श्री मयंक अग्रवाल एवं जिला पंचायत विदिशा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुरभि तिवारी ने नटेरन ब्लॉक के शमशाबाद क्षेत्र स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय डंगरवाड़ा का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक विद्यालय पहुंचने से स्कूल प्रबंधन और संबंधित अमले में हलचल रही। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
किचन शेड से खाद्यान्न भंडारण तक की जांच
निरीक्षण के दौरान आयुक्त मयंक अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ सुरभि तिवारी ने विद्यालय के किचन शेड, सैंपल टिफिन, खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था, किचन गार्डन तथा योजना के तहत नवीन क्रय किए गए बर्तनों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बर्तनों की गुणवत्ता, उनकी संख्या और उपयोग की स्थिति भी देखी। इसके साथ ही भोजन तैयार करने में साफ-सफाई के मानकों और खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले रसोइयों और स्व-सहायता समूह (भोजन एजेंसी) के नियमित एवं लंबित भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने योजना के प्रभावी संचालन और बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बच्चों से लिया भोजन की गुणवत्ता का फीडबैक
निरीक्षण का महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि आयुक्त मयंक अग्रवाल ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनसे मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से पूछा कि उन्हें प्रतिदिन निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन मिलता है या नहीं और भोजन की गुणवत्ता कैसी रहती है। विद्यार्थियों ने प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलने की बात कही।
विद्यालय के किचन शेड में बेहतर साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव को देखकर अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और संबंधित एजेंसी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत
विद्यालय परिसर पहुंचने पर जनपद पंचायत नटेरन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गगन वाजपेई, बीआरसी ईश्वर शर्मा, एई राजेश अष्टपुत्रे एवं ग्राम पंचायत डंगरवाड़ा के सरपंच कमलेश मेहर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आयुक्त मयंक अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ सुरभि तिवारी का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर ब्लॉक स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन में गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मेनू का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
Continue With Google