### सतपाड़ा में वन विभाग की घेराबंदी, अवैध लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
मुखबिर की सूचना पर वन अमले ने की घेराबंदी, सतपाड़ा से बासौदा की ओर हो रहा था अवैध काष्ठ परिवहन; वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू
शमशाबाद। जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने ग्राम सतपाड़ा के पास घेराबंदी कर अवैध लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। लकड़ी का परिवहन सतपाड़ा से बासौदा की ओर किया जा रहा था। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध काष्ठ परिवहन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
वनमंडल अधिकारी (सामान्य) विदिशा हेमंत यादव (IFS) के निर्देशन में वन परिक्षेत्र शमशाबाद के अमले ने यह कार्रवाई की। 26 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सतपाड़ा से बासौदा की ओर अवैध रूप से काटी गई लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी हेमंत प्रताप सिंह (IFS) द्वारा गठित टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को लकड़ी सहित पकड़ लिया।
जब्त वाहन को वन परिक्षेत्र कार्यालय शमशाबाद लाया गया। मामले में वन अपराध प्रकरण (POR) पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वन विभाग अब लकड़ी के स्रोत और अवैध परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।
इनकी रही कार्रवाई में अहम भूमिका
कार्रवाई में सर्किल प्रभारी डबरी गनपत सिंह अहिरवार, सर्किल प्रभारी बरखेड़ा जागीर अर्जुन मीना, वनरक्षक वीर नारायण जोशी, निरंजन धाकड़, शिवप्रताप रघुवंशी, कोमल भिलाला, राहुल शर्मा और रामरूचि शर्मा सहित अन्य वनकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध कटाई और परिवहन पर रहेगी नजर
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण, अवैध वृक्ष कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ विभाग लगातार दिन-रात गश्त कर रहा है। ऐसे मामलों में वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि जंगलों में अवैध कटाई या वन अपराध से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें।
Continue With Google