**टीकमगढ़।** जिले के दिगौड़ा कस्बे में स्कूल में उत्पात मचाने, प्राचार्य और शिक्षकों को धमकाने तथा वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व सरपंच की गैरिज में खड़ी आई-10 कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर रवि यादव और उसका साथी शिवम यादव शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का किले के मैदान से मंडी प्रांगण तक जुलूस निकाला।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि यादव पिता कृष्ण प्रताप यादव (28), निवासी टुडयन खिरक खरोई, थाना दिगौड़ा तथा शिवम पिता रतन यादव (18), निवासी विघा, थाना दिगौड़ा पर विभिन्न घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं। आरोप है कि दोनों ने दिगौड़ा-लिधौरा सड़क मार्ग पर संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दिगौड़ा में परीक्षा के दौरान गाली-गलौज करते हुए जमकर उत्पात मचाया। इतना ही नहीं, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के साथ प्राचार्य और शिक्षकों को धमकाया।
इसके बाद कस्बे के मुख्य बाजार में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व सरपंच की गैरिज में खड़ी आई-10 कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला। इस दौरान दोनों आरोपी रास्ते में यह कहते हुए चलते नजर आए कि **'गुंडागर्दी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप'।** जुलूस के दौरान यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
गौरतलब है कि मुख्य आरोपी रवि यादव को पुलिस हिस्ट्रीशीटर बता रही है। उसके खिलाफ दिगौड़ा थाना सहित जिले के अन्य थानों में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Continue With Google