चंदेरी की साड़ियां खरीदकर फर्जी हस्ताक्षर एवं बाउंस चेक के माध्यम से की थी ठगी, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
अशोकनगर | पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी एवं आर्थिक अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश एवं एसडीओपी चंदेरी श्री महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंदेरी श्री प्रशांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चंदेरी के बुनकर व्यापारियों के साथ कुल 45,69,749/- रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले के तेनाली से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
उल्लेखनीय है कि फरियादी विजय कुमार कोली निवासी वार्ड क्रमांक 02 चंदेरी द्वारा अन्य 11 बुनकर व्यापारियों के साथ थाना चंदेरी में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि वे चंदेरी की प्रसिद्ध साड़ियां तैयार कर देश के विभिन्न शहरों में व्यापार करते हैं। इसी दौरान विजयवाड़ा, आंध्रप्रदेश की दो फर्मों JRV FASHIONS एवं SURYA TEXTILES से जुड़े व्यक्तियों द्वारा चंदेरी आकर बुनकर व्यापारियों से बड़ी मात्रा में साड़ियां खरीदी गईं तथा भुगतान के लिए चेक दिए गए। आरोपियों द्वारा तीन माह के भीतर भुगतान करने अथवा चंदेरी आकर नगद राशि देने का आश्वासन दिया गया था। व्यापारियों द्वारा जब भुगतान हेतु चेक बैंक में लगाए गए तो खातों में पर्याप्त राशि नहीं होने एवं चेकों पर फर्जी हस्ताक्षर पाए जाने के कारण चेक बाउंस हो गए। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर बंद पाए गए तथा आरोपियों द्वारा बताए गए पते पर फर्मों की दुकानें भी बंद मिलीं। इस प्रकार आरोपियों द्वारा दिनांक 31.05.2025 से 13.08.2025 के मध्य कुल 45,69,749/- रुपये की धोखाधड़ी की गई। उक्त शिकायत पर थाना चंदेरी में अपराध क्रमांक 596/2026 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के अंतर्गत दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा थाना प्रभारी चंदेरी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में थाना चंदेरी पुलिस द्वारा पुलिस टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए मुख्य आरोपी वेमा मारुति प्रसाद पुत्र वेंकैया, उम्र 46 वर्ष, निवासी 11-2-26, कैलाश भवन, चुनचुंपेट, तेनाली, जिला गुंटूर, आंध्रप्रदेश को तेनाली से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। प्रकरण में शामिल एक अन्य फरार आरोपी मेडीशेट्टी रवितेजा निवासी गुंटूर की तलाश जारी है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदेरी निरी0 प्रशांत यादव, उपनिरीक्षक कदम सिंह मीना, आरक्षक सतीश वर्मा एवं आरक्षक अछल सिंह गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी एवं आर्थिक अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
Continue With Google