अशोकनगर | पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा पुलिस तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 18.11.2026 को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049140021 जारी किया गया था। मीडिया से स्नेह मिलन कार्यक्रम के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सुझाव के तहत जारी इस हेल्पलाइन से आमजन की शिकायतों का हो रहा त्वरित निराकरण हो रहा है।

इस पहल के माध्यम से आवेदक व्हाट्सएप एवं टेक्स्ट मैसेज के जरिए सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपनी शिकायत एवं समस्याएं दर्ज करा रहे हैं।

हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को शिकायत रजिस्टर में दर्ज कर तत्काल संबंधित थाना प्रभारी एवं एसडीओपी को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जा रहा है तथा प्राथमिकता के आधार पर अधिकतम 03 दिवस में निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा इन शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा कर निराकरण की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

दिनांक 25.11.2026 तक हेल्पलाइन पर कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें मारपीट, फ्रॉड, माननीय उच्च न्यायालय के आदेश का पालन कराने, उधारी के पैसे दिलाने, फर्जी रजिस्ट्री कराने, शादी का झांसा देकर गलत काम करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई, जिनमें से 14 शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के अनुरूप निराकरण किया जा चुका है।

इसी क्रम में दिनांक 18.11.2026 को आवेदक गोलू अहिरवार निवासी बमुरिया नई की लंबे समय से लंबित 60,000/- रुपये की उधारी राशि वापस दिलाने में पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही की गई।

उक्त हेल्पलाइन आमजन की शिकायतों के निराकरण के साथ-साथ पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सूचना तंत्र के रूप में भी उपयोगी सिद्ध हो रही है। इसके माध्यम से नागरिकों द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित गोपनीय सूचनाएं भी पुलिस के साथ साझा की जा रही हैं, जिन पर पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा की आमजन से अपील है कि किसी भी पुलिस संबंधी शिकायत, समस्या अथवा अपराध एवं अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049140021 पर व्हाट्सएप या टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से साझा करें। प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। अशोकनगर पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है।