जनसुनवाई में 77 नागरिकों की समस्याओं का समाधान, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई अत्यंत अनिवार्य प्रक्रिया, अधिकारी गंभीरता से करें समस्याओं का निराकरण
नर्मदापुरम/10 मार्च 2026। कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर सोनिया मीना ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान 77 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य मामलों में समय-सीमा तय कर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में नागरिकों द्वारा राजस्व, रास्ता विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, अवैध अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने सभी मामलों में त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता से किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान माखननगर निवासी रामसिंह सराठे ने पड़ोसी द्वारा भूमि पर अतिक्रमण कर दीवार निर्माण किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। इस पर कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तहसीलदार माखननगर को मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराने और तथ्यात्मक जांच कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार सिवनी मालवा निवासी रामकिशोर रघुवंशी ने अपनी कृषि भूमि का दोबारा सीमांकन कर नक्शा सुधार कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम सिवनी मालवा को एक सप्ताह के भीतर सीमांकन कराते हुए राजस्व अभिलेखों में नक्शा सुधार की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम रायपुर निवासी नाजबीन बी द्वारा पट्टा प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन पर संज्ञान लेते हुए प्रभारी अधिकारी राजस्व को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम रायपुर निवासी ब्रजेश कहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर जिला पंचायत सीईओ को शीघ्र सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर कलेक्टर अनिल जैन को अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई एक अत्यंत महत्वपूर्ण और अनिवार्य प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी इसमें अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समाधान करें।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम अनिल जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर नीता कोरी, सरोज परिहार, एसडीएम नर्मदापुरम जय सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)